शेयर करें...
बिलासपुर// 28 अगस्त की रात हुए विवाद, पथराव, तोड़फोड़ और हत्या के प्रयास के मामले में बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई का असर साफ नजर आया। मामले के मुख्य आरोपी सोहेल खान समेत अन्य आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों को लेकर पुलिस ने जुलूस भी निकाला।
बताया जा रहा है कि पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के चलते मुख्य आरोपी सोहेल खान खुद आत्मसमर्पण करने के लिए कोनी थाना पहुंचा था। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक पहले ही लग गई थी। एसीसीयू की टीम ने निगरानी रखते हुए उसे कोनी थाना के गेट से ही हिरासत में ले लिया। इसके अलावा दूसरे गुट के मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर की भी तलाश की जा रही है, जो अबतक फरार चल रहा है।
सोहेल के थाना पहुंचने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से आरोपी पर ऐसा दबाव बना कि उसे आखिरकार पुलिस के सामने सरेंडर करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में लगातार उसके रिश्तेदारों के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी बीच उसके आत्मसमर्पण की जानकारी सामने आई। एसीसीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे थाना गेट पर ही पकड़ लिया। मामले में सोहेल के अलावा दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और आगे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
सोहेल के खिलाफ 11 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार सोहेल खान के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में लूट, मारपीट और गुंडागर्दी सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा एक युवक को आत्महत्या के लिए विवश करने से जुड़ा मामला भी दर्ज बताया जा रहा है।
बवाल वाली रात हाथ में थी बंदूक
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 28 अगस्त की रात हुए बवाल के दौरान सोहेल कथित तौर पर बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज में उसके हाथ में हथियार दिखाई देने की बात कही जा रही है। पुलिस फायरिंग और हथियार से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि बिलासपुर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त है। लगातार दबिश और कार्रवाई के बीच मुख्य आरोपी का खुद थाना पहुंचना बिलासपुर पुलिस के बढ़ते दबाव का असर माना जा रहा है।


