बिलासपुर लूटकांड अपडेट: 200 CCTV खंगाले जा रहे, IG की अगुवाई में जंबो टीम मैदान में..

शेयर करें...

बिलासपुर// सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में ज्वेलरी कारोबारी से हुई दुस्साहसिक लूट के बाद पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शहर और आसपास के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हाई प्रोफाइल मामले में आईजी रामगोपाल गर्ग समेत वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

मंगलवार रात टेलीफोन एक्सचेंज रोड निवासी ज्वेलरी कारोबारी संतोष तिवारी को बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और कार सहित जेवर लूटकर फरार हो गए। घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

उरतुम के पास मिली लूटी कार

वारदात के बाद जिले की सीमाएं सील कर दी गईं और बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया। इसी दौरान सरकंडा क्षेत्र के उरतुम गांव के पास कारोबारी की कार लावारिस हालत में मिली। कार के पास से जेवर के कुछ खाली डिब्बे और थोड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया है। मौके पर डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी ली गई। डॉग कार से निकलकर खेतों की ओर गया, जिससे अंदेशा है कि आरोपी खेतों के रास्ते फरार हुए।

चोरी की कार और बाइक से पहुंचे थे बदमाश

जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल कार और बाइक दोनों चोरी की थीं। कार जांजगीर से और बाइक मैनपाट से चोरी की गई थी। पुलिस अब इन मामलों की कड़ियां जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पूरे जिले में अलर्ट जारी

सरकंडा पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर टीम संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। गांव-गांव और मुख्य मार्गों के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे जिले में अलर्ट जारी है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Scroll to Top