शराब के नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, बिलाईगढ़ पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ// जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदवन में पति द्वारा पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के दौरान पति ने बांस के डंडे से पत्नी के सिर पर लगातार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 जुलाई को ग्राम गोविंदवन में हुई। आरोपी परमेश्वर साहू ने अपनी पत्नी देवंतीन साहू के सिर पर बांस के डंडे से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में भर्ती कराया।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी बिलाईगढ़, एफएसएल टीम और थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शराब के नशे में उसे और उसके परिवार के लोगों को गाली-गलौज कर रही थी। समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तब आरोपी, जो स्वयं भी शराब के नशे में था, ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से उसके सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।

Scroll to Top