शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नगर पंचायत सरिया के सरिया-कंदुरपाली मार्ग पर शनिवार देर शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गायत्री राइस मिल के पास एक मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा था, जिसे देखकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AK 9933 और पिकअप वाहन क्रमांक OD 17 AF 1170 के बीच आमने-सामने टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन उड़ीसा के विजयपुर क्षेत्र का है। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया। गंभीर हालत में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला भेजा गया। डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। घायल की पहचान और उसकी स्थिति को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही भी देखने को मिली। शुरुआती जानकारी में मोटरसाइकिल चालक की गलती सामने आने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके के लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और सड़क पर यातायात नियमों का पालन कराने की मांग की है।




You must be logged in to post a comment.