बांधा हत्याकांड में फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, लालपुर पुलिस की बड़ी सफलता..

शेयर करें...

मुंगेली// जमीन विवाद में हुए चर्चित ग्राम बांधा हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Join WhatsApp Group Click Here

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, 9 जनवरी 2026 की सुबह ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर रामकुमार कश्यप (62 वर्ष) पर गांव के कई लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडा और तब्बल से हमला किया। आरोप है कि हमले के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के दौरान लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला किया गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पहले ही 6 आरोपी जेल में

पुलिस ने 11 जनवरी 2026 को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

बिलासपुर से पकड़ा गया मुख्य फरार आरोपी

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर 22 फरवरी 2026 को फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर (23 वर्ष), निवासी बांधा, को बिलासपुर के एकता नगर इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने घटना के दिन ट्रैक्टर चढ़ाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

पुलिस की लगातार निगरानी

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लालपुर सुन्दरलाल गोरले और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Scroll to Top