शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर की गई। गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया तेज कर दी है।फिलहाल सौरभ चंद्राकर ओमान की हिरासत में है। स्थानीय अदालत में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत लाए जाने की संभावना है।
फर्जी पासपोर्ट के सहारे पहुंचा था ओमान
जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर कथित तौर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल कर ओमान पहुंचा था। इसी मामले में स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया। फिलहाल उसे मस्कट के हाई-सिक्योरिटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
इंटरपोल के रेड नोटिस से बचने की कोशिश रही नाकाम
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ पहले से इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था। उसने इस नोटिस को हटाने के लिए इंटरपोल में आवेदन भी किया था, लेकिन संबंधित समिति ने उसकी अपील खारिज कर दी। समिति ने माना कि मामला राजनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक अपराध, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय गतिविधियों से जुड़ा है। इसके बाद रेड नोटिस प्रभावी बना रहा और उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया।
भारत लाने की प्रक्रिया हुई शुरू
गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार ने औपचारिक प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ओमान में फर्जी पासपोर्ट से जुड़े मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद ही सौरभ चंद्राकर को भारत भेजा जा सकेगा। इसलिए प्रत्यर्पण में कुछ समय लग सकता है।
हजारों करोड़ के घोटाले की जांच जारी
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले की जांच ED, CBI समेत कई केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं। जांच में अब तक सामने आया है कि यह नेटवर्क अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, हवाला, मनी लॉन्ड्रिंग और बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 4,336 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच या फ्रीज की जा चुकी हैं। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में बड़ा मोड़ माना जा रहा है।



