12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी रेणु जंघेल गिरफ्तार, कई बड़े नाम आए सामने..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी पेपर लीक मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। मामले की जांच कर रही रायपुर पुलिस ने बिलासपुर से आरोपी रेणु जंघेल को गिरफ्तार कर रायपुर लाया, जहां चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर अब जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक यह मामला उस समय सामने आया था जब 12वीं कक्षा का हिंदी प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था। शुरुआत में इसे “गेस पेपर” बताकर शेयर किया गया, लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि वायरल किया गया पेपर असली प्रश्नपत्र था। इसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर सिटी कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच करते हुए जगदलपुर से लेकर दुर्ग तक कई कड़ियों को जोड़ा। इसी जांच के दौरान आरोपी रेणु जंघेल का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस को आरोपी के बैंक खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है। जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से पैसे जमा कराए गए थे और बदले में उन्हें पेपर उपलब्ध कराया गया।

पुलिस को कई डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनमें ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड, चैटिंग और मोबाइल डाटा शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में कई बड़े नामों का खुलासा किया है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

इस मामले में अब आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने पेपर वायरल करने, पैसे लेने या प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर भूमिका निभाई हो। मामले की जांच साइबर एंगल से भी की जा रही है।

Scroll to Top