बड़ी खबर : सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रभारी DEO जे.आर. डहरिया निलंबित, वित्तीय अनियमितता का मामला..

शेयर करें...

रायपुर// सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जे.आर. डहरिया को स्कूल शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग, नवा रायपुर की ओर से यह आदेश 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

डहरिया पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना जिला महासमुंद के पद पर रहते हुए शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्युत देयकों की राशि में गड़बड़ी और गबन कर शासन को वित्तीय नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। विभाग ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

पद का दुरुपयोग और गंभीर अनुशासनहीनता का उल्लेख

जारी आदेश के अनुसार, जे.आर. डहरिया ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता बरती और गंभीर अनुशासनहीनता की। प्रथम दृष्टया उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत कदाचार माना गया है। इसी आधार पर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

रायपुर संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय में रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान जे.आर. डहरिया का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा), रायपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

लक्ष्मी नारायण पटेल होंगे नए DEO

डहरिया के निलंबन के बाद लक्ष्मी नारायण पटेल को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का नया जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। डहरिया के खिलाफ वित्तीय अनियमितता और गबन से संबंधित कार्रवाई विभागीय आदेश में दर्ज आरोप/प्रथम दृष्टया निष्कर्ष के आधार पर है, अंतिम जिम्मेदारी जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगी।

Scroll to Top