शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में गुरुवार रात एक बड़ी वारदात हुई, जिसने जेल प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया। युवा कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर दो बंदियों ने धारदार ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। सिर और पीठ पर किए गए वारों से आशीष बुरी तरह घायल हो गया। तुरंत मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराए गए शिंदे की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
घटना 17 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे की है। हमले के पीछे जेल के अंदर चल रही गुटबाजी और राजनीतिक रंजिश को वजह माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जेल में पिछले कुछ दिनों से माहौल गर्माया हुआ था, और गुटों में तनाव तेजी से बढ़ रहा था।
बता दें कि आशीष शिंदे वही नेता हैं जिन्हें 8 जुलाई को पुलिस ने तांत्रिक के.के. श्रीवास्तव को फरार कराने में मदद के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि आशीष ने आरोपी को अपनी गाड़ी में छिपाकर शहर में घुमाया और पुलिस से बचाने की साजिश रची थी। मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी की गई थी।
के.के. श्रीवास्तव पर व्यापारियों से करोड़ों की ठगी करने के गंभीर आरोप हैं। दिल्ली के एक कारोबारी से 15 करोड़ की ठगी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने श्रीवास्तव को भोपाल से गिरफ्तार किया था। उसी मामले में आशीष शिंदे का नाम सह-आरोपी के तौर पर जुड़ा।
अब जेल के भीतर इसी केस से जुड़े नेता पर हमला होना कई सवाल खड़े कर रहा है। हमला करने वाले कैदियों की पहचान हो चुकी है और जेल प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हमले के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल, मेकाहारा अस्पताल में भर्ती आशीष शिंदे की हालत नाजुक बताई जा रही है, पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। हमलावरों की पहचान की जा रही है और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा शुरू कर दी गई है।


