बड़ी खबर : फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर बड़ा साइबर ठगी रैकेट बेनकाब, मास्टरमाइंड सहित लड़कियां गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए लोगों से ठगी की जा रही थी। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर दरोगापारा स्थित निधि परिवहन केंद्र में दबिश देकर इस पूरे रैकेट का खुलासा किया गया। जांच में सामने आया कि इंडिया मैट्रिमोनी के नाम से फर्जी प्लेटफॉर्म चलाकर लोगों को शादी के नाम पर जाल में फंसाया जा रहा था। इस कार्रवाई में मास्टरमाइंड कपिल गर्ग और उसकी टीम की भूमिका सामने आई है।

Join WhatsApp Group Click Here

लोक सेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा

प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी पहले लोक सेवा केंद्र के माध्यम से वैध कार्य करता था, लेकिन आईडी निरस्त होने के बाद उसने इसी जगह से ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया। यहां फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को शादी के लिए संपर्क किया जाता था और फिर अलग-अलग बहानों से पैसे वसूले जाते थे। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर, फर्जी दस्तावेज और कई शासकीय सील-मुहर भी जब्त किए हैं।

यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए फंसाए जाते थे लोग

आरोपी गिरोह की कार्यप्रणाली काफी संगठित थी। टीम में शामिल युवतियां फर्जी जीमेल आईडी और मोबाइल नंबर से यूट्यूब चैनल बनाकर वीडियो और फोटो अपलोड करती थीं। इसके जरिए लोगों को आकर्षित कर उनसे संपर्क कराया जाता था। पहले रजिस्ट्रेशन फीस ली जाती थी, फिर पसंद की गई प्रोफाइल से बातचीत कराने के नाम पर दोबारा पैसे वसूले जाते थे। अंत में यह कहकर संपर्क खत्म कर दिया जाता था कि रिश्ता पसंद नहीं आया।

दूसरे ठिकाने पर भी रेड, जांच जारी

कपिल गर्ग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दरोगापारा स्थित शांति देवी सोसायटी ऑफ एजुकेशन केंद्र में भी दबिश दी, जहां इसी तरह की गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाली ठगी पर पुलिस की सतत नजर है। आमजन किसी भी संदिग्ध मैट्रिमोनियल या सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहें और ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top