शेयर करें...
रायगढ़// जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 919 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस अभियान के दौरान 35 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए और 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 21 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 1 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है।
छाल थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई
अभियान के दूसरे दिन छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। मौके से 530 लीटर महुआ शराब और लगभग 1000 किलो महुआ पास नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में जयपाल राठिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप बेहरा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जिलेभर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश
चक्रधरनगर, पुसौर, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, भूपदेवपुर, खरसिया और तमनार थाना क्षेत्रों में भी लगातार रेड कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों में महुआ, देशी और अंग्रेजी शराब की बड़ी मात्रा बरामद हुई। कई मामलों में आरोपी ढाबों, घरों और खेतों में शराब छिपाकर बिक्री कर रहे थे, वहीं कुछ आरोपी मोटरसाइकिल से परिवहन करते हुए पकड़े गए।
एसएसपी का सख्त संदेश, अभियान जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को लेकर साफ संदेश दिया गया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत आगे भी लगातार इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


