ऑपरेशन आघात में नशे पर बड़ा प्रहार: पूंजीपथरा और पुसौर पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा और पुसौर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। इस दौरान कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Join WhatsApp Group Click Here

कार में गांजा लेकर पहुंचे तस्कर, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

23 अप्रैल को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तुमीडीह महुआ चौक के पास दबिश दी। यहां I20 कार में सवार कुछ लोग गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर खिरोधर यादव (जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (तुमीडीह) को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। तलाशी में दोनों के पास से 2.728 किलो गांजा और 5 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। कुल 29,500 रुपये की जप्ती कर आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

औरदा में बुजुर्ग आरोपी गांजा बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया

इसी कड़ी में 25 अप्रैल को पुसौर पुलिस ने ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बेचने के दौरान रंगे हाथ पकड़ लिया। थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से 745 ग्राम गांजा जब्त किया गया। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस का साफ संदेश : नशे के कारोबारियों को नहीं मिलेगी राहत

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि रायगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें

Scroll to Top