शेयर करें...
रायगढ़// शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने फिर सख्ती दिखाई है। सप्ताह भर के भीतर पीटा एक्ट के तहत तीसरी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया गया। इस कार्रवाई में मकान मालिक नारायण वैष्णव को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने सटीक योजना बनाकर रेड डाली।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर में एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। जैसे ही संकेत मिला, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
रेड के दौरान मकान के भीतर नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला मौजूद मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने घर से ही देह व्यापार का संचालन कर रहा था और स्वयं दलाली भी करता था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद, ओप्पो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा आपत्तिजनक सामग्री जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, नवीन शुक्ला और महिला थाना से मालती पैंकरा, महिला आरक्षक इंदुलता एक्का व एलीसा टोप्पो की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि रायगढ़ में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध मादक पदार्थ और अन्य सामाजिक बुराइयों के लिए कोई जगह नहीं है। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



You must be logged in to post a comment.