सामूहिक नकल कांड में बड़ा एक्शन: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद 6 कर्मचारियों पर चार्जशीट, विभागीय जांच तेज..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के चर्चित सामूहिक नकल कांड में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हाईकोर्ट में दायर शपथपत्र (एफिडेविट) में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए 6 कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। अब इनके खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Join WhatsApp Group Click Here

हाईकोर्ट में दाखिल हुआ शपथपत्र

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से दायर एफिडेविट में बताया गया कि जांच के आधार पर लेक्चरर गंगा प्रसाद पटेल, अनिरुद्ध, आलोक भोई, दिनेश कुमार दास, सहायक शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल और भृत्य विजिया बुडेक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।

हाईकोर्ट ने मांगी विभागीय जांच की प्रगति रिपोर्ट

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि वे एक और व्यक्तिगत शपथपत्र (Personal Affidavit) दाखिल करें। इसमें यह स्पष्ट किया जाए कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच कहां तक पहुंची है और अब तक क्या कार्रवाई की गई है। अदालत ने यह भी कहा कि यदि जांच पूरी हो जाती है तो अंतिम जांच रिपोर्ट और संबंधित आदेश भी रिकॉर्ड पर प्रस्तुत किए जाएं। मामले की अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को होगी।

स्टिंग ऑपरेशन से खुला था नकल का खेल

यह मामला महासमुंद जिले के भंवरपुर परीक्षा केंद्र का है, जहां 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल कराए जाने का आरोप लगा था। छात्रा नीता ने परीक्षा केंद्र के अंदर हो रही कथित नकल का स्टिंग ऑपरेशन कर वीडियो रिकॉर्ड किया था। उसने इस संबंध में सबूतों के साथ शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन जिला स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्रा ने माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) के कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी। मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद न्यायालय की निगरानी में जांच शुरू हुई और अब विभागीय कार्रवाई तेज हो गई है।

Scroll to Top