सलिहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा के दो तस्कर 8.656 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलिहा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन जांच के दौरान हरियाणा के दो युवकों को 8.656 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी बिलाईगढ़ विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में 23 जुलाई को थाना सलिहा के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी।

दोपहर करीब 2:50 बजे बसना की ओर से आ रही हरियाणा नंबर (HR-50-M-2830) की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान चालक ओमप्रकाश सिंह (29 वर्ष), निवासी ग्राम बनचरी, जिला पलवल (हरियाणा) के बैग से 5.175 किलोग्राम गांजा तथा पीछे बैठे जीतन (23 वर्ष), निवासी ग्राम हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) के कब्जे से 3.479 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.656 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये, तथा टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है, जब्त कर ली। कुल जब्ती 1 लाख 75 हजार रुपये की आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक देवप्रसाद सिदार, निशांत दुबे, आरक्षक चंद्रप्रकाश भारद्वाज, रामकुमार पटे, राजेश नारंग, बलराम लहरे सहित थाना सलिहा के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top