शेयर करें...
रायगढ़// फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आदतन बदमाश अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 की दोपहर मो. जीशान राजा (18) निवासी बोईरदादर कृष्णा वाटिका कॉलोनी रायगढ़ अपने साथी रोशन सिंह के साथ एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल से कोतरारोड़ की ओर गए थे। दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुके थे। इसी दौरान दो लड़के वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। कुछ ही देर में अभिषेक ठाकुर भी एक्टिवा से वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर उसने ईंट से हमला कर दिया, जिसके बाद उसके अन्य साथी भी वहां पहुंचकर मारपीट करने लगे।
हमले में रोशन सिंह को सिर, सीने और पेट में धारदार वस्तु से गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश जारी थी, लेकिन गिरफ्तारी के डर से सभी फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया। एक बालक के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक ठाकुर (24) निवासी सोनिया नगर कोतरारोड और सत्यम महंत (21) निवासी तेंदुडीपा दरोगामुड़ा शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि अभिषेक ठाकुर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोतवाली थाना में लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चार बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है और उसका नाम गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में गंभीर अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा रहा है और आदतन बदमाशों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


