बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.610 किलो गांजा के साथ अंतरजिला तस्करी गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 7.610 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी बिलाईगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि बसना से गिधौरी की ओर बिना पीछे नंबर प्लेट लगी लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल में दो युवक अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम ने पवनी मोड़ यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल सवार रमेश कुमार साहू (22) और राजकरण यादव (34), दोनों निवासी केवटाडीह (भुतहा), थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर के कब्जे से 7.610 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें प्रमोद कुमार साहू (31) निवासी केवटाडीह (भुतहा), थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर ने गांजा लाने के लिए ओडिशा भेजा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रमोद कुमार साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रायगढ़ भेज दिया गया। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Scroll to Top