प्राचार्य पर बड़ा एक्शन : गोपनीय शिकायत पर कलेक्टर ने करायी थी जांच, रिपोर्ट के बाद प्राचार्य को स्कूल से हटाया..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े एक गंभीर मामले में कलेक्टर ने अहम प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को हटा दिया है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के मुताबिक सेजेस पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ के प्राचार्य एल.पी. पटेल को स्कूल से हटा दिया है। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्राचार्य के खिलाफ प्राप्त गोपनीय और ऑनलाइन शिकायतों के बाद की गई जांच के आधार पर की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, सेजेस पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में अध्ययनरत छात्रों और उनके पालकों द्वारा कक्षा शिक्षिका से जुड़े मामलों और विद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यालय के आंतरिक वातावरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मामले को हल्के में न लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।

शिकायत की जांच के लिए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया था। इस जांच समिति में अपर कलेक्टर के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा हायर सेकेंडरी स्कूल हरदी की प्राचार्य विभावरी सिंह ठाकुर को सदस्य के रूप में नामित किया गया था। जांच दल को एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

जांच उपरांत प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर प्रशासन ने यह निष्कर्ष निकाला कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने आदेश जारी कर एल.पी. पटेल, प्राचार्य सेजेस पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ को वर्तमान शैक्षणिक सत्र की समाप्ति तक अस्थायी रूप से शासकीय हाई स्कूल दानसरा, विकासखंड सारंगढ़ में संलग्न कर दिया है।

साथ ही, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि के दौरान सेजेस पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ के समस्त वित्तीय और प्रशासनिक प्रभार अभय बैरागी, वरिष्ठ व्याख्याता, को सौंपे जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य विद्यालय में पढ़ाई का माहौल बनाए रखना और छात्रों के हितों की रक्षा करना है।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर को यह शिकायत ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई थी, जिसमें पीएम श्री सेजेस सारंगढ़ के प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर सिलसिलेवार आरोप लगाए गए थे। शिकायत में विद्यालय संचालन, अनुशासन, शिक्षकों के व्यवहार और छात्रों पर पड़ रहे प्रभाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था।

ऑनलाइन शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Scroll to Top