सरसीवा में आधुनिक कचरा प्रसंस्करण केंद्र का भूमि पूजन, 53.72 लाख की लागत से बनेगा MRF सेंटर..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// नगर पंचायत सरसीवा में स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 10 स्थित गौठान के पास मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर एवं कचरा प्रसंस्करण केंद्र का भूमि पूजन संपन्न हुआ। लगभग 53 लाख 72 हजार रुपए की लागत से बनने वाला यह केंद्र नगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक और वैज्ञानिक स्वरूप प्रदान करेगा।

Join WhatsApp Group Click Here

नगर पंचायत द्वारा निर्मित किए जाने वाले इस केंद्र में प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे का पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का प्रबंधन किया जाएगा। इससे नगर में कचरे के बेहतर निस्तारण के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी गति मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों सहित नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को नगर के विकास और स्वच्छता अभियान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि MRF सेंटर के शुरू होने से कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा तथा पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुंदर सरसीवा के निर्माण में भी सहायता मिलेगी। नगर पंचायत ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करके ही दें, ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाया जा सके।

स्वच्छता को मिलेगी नई दिशा

MRF सेंटर के निर्माण के बाद नगर में कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। इससे स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी और सरसीवा को स्वच्छ एवं आदर्श नगर बनाने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।

Scroll to Top