शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर में शराब नहीं मिलने से नाराज युवक ने दुकान के गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दुकान बंद होने के बाद युवक शराब खरीदने दुकान पहुंचा था। दुकान के गार्ड ने शराब नही मिलने की बात कहकर उसे लौटा दिया। इस बात से नाराज होकर आरोपी युवक ने देर रात दोबारा दुकान पहुंचकर गार्ड पर राॅड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात आरोपी शराब खरीदने के लिए खम्हारडीह स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान पहुंचा था। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी। लिहाजा ड्यूटी पर तैनात गार्ड संदीप पटेल ने आरोपी को बताया कि अब दुकान बंद है और शराब नहीं दी जा सकती। इस पर आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वह वहां से चला गया। लेकिन रात करीब 11ः30 बजे के लगभग आरोपी दोबारा लौटा।
अपने साथ लोहे की रॉड लेकर शराब भट्टी पहुंचे आरोपी ने गार्ड संदीप पटेल पर अचानक हमला कर दिया। उसने गार्ड के सिर और शरीर पर राॅड से ताबड़तोड़ हमला किया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खम्हारडीह थाना पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी भींगराज बघेल को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी हैै।


