शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा 30 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक साइबर सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को खासतौर पर डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के जरिए होने वाली ठगी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।
साइबर सुरक्षा सप्ताह के दौरान पुलिस की टीमों ने जिले के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर 25 चौपालों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में 4,500 से अधिक आम नागरिकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने फर्जी पुलिस, CBI अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर डराने वाले ठगों के तरीकों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दी।
OTP, PIN और बैंक की जानकारी किसी से साझा न करें
पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM या डेबिट कार्ड नंबर, PIN, CVV, बैंक खाते की जानकारी, UPI PIN अथवा अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप या स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर इंस्टॉल नहीं करने की भी अपील की गई।
‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराने वाले कॉल से रहें सावधान
पुलिस ने स्पष्ट किया कि भारतीय कानून में ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम का कोई प्रावधान नहीं है। पुलिस या कोई जांच एजेंसी वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। यदि किसी व्यक्ति को पुलिस, CBI या किसी अन्य जांच एजेंसी के अधिकारी बनकर वीडियो कॉल या फोन किया जाता है और गिरफ्तारी या डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर पैसे मांगे जाते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे में तुरंत कॉल काटें और किसी भी तरह का भुगतान या लेन-देन न करें।
ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है या उसे ठगी की आशंका होती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से भी संपर्क किया जा सकता है।पुलिस के मुताबिक ठगी की जानकारी जितनी जल्दी दी जाएगी, उतनी ही अधिक संभावना रहेगी कि ठगी की रकम को समय रहते ब्लॉक या फ्रीज कराया जा सके और उसे वापस प्राप्त करने की कोशिश की जा सके।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का यह साइबर सुरक्षा सप्ताह जिले के नागरिकों को डिजिटल अपराधों के नए तरीकों से परिचित कराने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने का संदेश देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।


