शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने नशीले कोडिन सिरप की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी बाइक में 25 नग कोडिन सिरप लेकर जा रहे थे। कार्रवाई ग्राम मसानकुड़ा मोड़ अराई चौक के सामने मेन रोड पर 3 अक्टूबर की रात की गई।
पुलिस के अनुसार पीएसआई भारती घाटघुम्मर हमराह स्टाफ सउनि लखपति प्रधान, आरक्षक 309, 348 और 173 के साथ शासकीय वाहन से पैकिन, लेन्ध्रा और मसानकुड़ा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थीं। इसी दौरान लाल-काले रंग की पैशन प्रो बाइक क्रमांक CG 04 E 1578 में सवार दो लोगों को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ के दौरान उनके पास मौजूद ग्रे-ब्लू रंग के पीठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 25 नग सिरप की शीशियां मिलीं।
2500 एमएल सिरप के साथ बाइक और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने बरामद सिरप की जांच की तो प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप था। कुल 25 शीशियों में 2500 एमएल कोडिन युक्त सिरप मिला। पुलिस के अनुसार शीशियों पर Codeine Phosphate और Triprolidine Hydrochloride का उल्लेख था। आरोपियों से सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पुलिस के मुताबिक वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21(B) NDPS Act के तहत कार्रवाई करते हुए सिरप के अलावा पैशन प्रो बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 43,600 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिरप को ओडिशा के भूक्ता क्षेत्र से मनोज तिवारी उर्फ लक्की नामक व्यक्ति से खरीदकर लाना बताया है। इस संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरीशंकर उर्फ सोनू सारथी (36), निवासी लेन्ध्रा और मुरलीधर चौहान (27), निवासी धनीगांव के रूप में की है। दोनों को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बरामद 25 शीशियों को सीलबंद कर जब्ती की और पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई। बरमकेला थाने में अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला सिरप कहां से लाया गया था और इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।



