बरमकेला अपेक्स बैंक घोटाला मामला : शाखा प्रबंधक वाघमारे समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त, अब EOW करेगी मामले की जांच..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में करीब 18.13 करोड़ रुपए के गबन के मामले में बैंक प्रबंधन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक, लेखाधिकारी और लिपिक सहित कई कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। जांच को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्लयू) से भी सैद्धांतिक सहमति ले ली गई है और जल्द ही विस्तृत जांच शुरू होने वाली है।

Join WhatsApp Group Click Here

बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता के मुताबिक तत्कालीन शाखा प्रबंधक डीआर वाधमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल को बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास्तव, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को नौकरी से हटा दिया गया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार पूरी राशि की वसूली की जाएगी।

2021 से 2024 में हुआ था घोटाला

जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच शाखा कर्मचारियों ने समितियों और डीएमआर खातों में नियमों के विपरीत लेन-देन कर करोड़ों रुपए का अनाधिकृत हस्तांतरण किया। मामले के सामने आने के बाद बैंक ने उच्च स्तरीय जांच और विशेष ऑडिट कराया, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। इससे पहले भी इस प्रकरण में आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।

सख्ती का असर, बैंक का मुनाफा बढ़ा

केदार नाथ गुप्ता ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और गबन-घोटालों पर रोक लगाने के लिए लगातार तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। किसानों के नाम पर फर्जी ऋण वितरण रोकने के लिए नया सॉफ्टवेयर लागू किया गया है तथा ई-केसीसी पोर्टल के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है।

बैंक प्रबंधन का दावा है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई का सकारात्मक असर बैंक के प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया है। वर्ष 2024-25 में 38.99 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित करने वाले बैंक ने 2025-26 में 40.86 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। बैंक का कहना है कि पारदर्शिता, डिजिटल निगरानी और जवाबदेही की नई व्यवस्था से सहकारी बैंकिंग प्रणाली में किसानों और खाताधारकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

समिति प्रबंधकों की भूमिका भी संदिग्ध

जानकारी के अनुसार बरमकेला अपेक्स बैंक शाखा से जुड़े 17 सेवा सहकारी समितियों के 887 किसानों के केसीसी खातों में गड़बड़ी की गई। जांच में सामने आया कि डीएमआर कैश और काइंड बैलेंस को शून्य करते हुए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर नकद आहरण किया गया।

यह पूरा मामला बड़े नवापारा, बोंदा, दुलोपाली, लेंध्रा, लोधिया, लुकापारा, साल्हेओना, सरिया, तौसीर, देवगांव, गोबरसिंघा, कालाखूंटा, कंठीपाली, करनपाली, कुम्हारी और पंचधार समितियों से जुड़ा बताया गया है। इतनी बड़ी संख्या में समितियों और किसानों के नाम सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। वहीं संबंधित समितियों के तात्कालिक प्रबंधकों की भूमिका भी संदिग्ध बनी हुई है। अब मामले की जांच eow से किए जाने के बाद परत दर परत संदिग्धों के नाम भी सामने आने की उम्मीद है।

बता दें कि कुछ दिनों पूर्व ग्राम विक्रमपाली निवासी किसान ताराचंद पटेल ने अपेक्स बैंक शाखा बरमकेला प्रबंधन को पत्र लिखकर सेवा सहकारी समिति बड़े नवापारा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी थी। उन्होंने किसानों द्वारा जमा कराई गई शेयर राशि का पूरा ब्यौरा, उसकी पावती की प्रतिलिपि और वर्ष 2023-24, 2024-25 तथा 2025-26 के दौरान धान खरीदी में मिली कमीशन राशि का मदवार आय-व्यय विवरण उपलब्ध कराने की मांग की थी जिससे क्षेत्र में चर्चा का दौर बढ़ गया था।

Scroll to Top