सरिया अपेक्स बैंक में लापरवाही: पावर बैकअप डिस्चार्ज, बिजली कटते ही बैंकिंग सेवाएं और एटीएम दोनों ठप, किसान हुए परेशान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरिया क्षेत्र के किसानों को अपेक्स बैंक की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। दरअसल गुरुवार को बिजली कटौती के दौरान बैंक का पावर बैकअप पूरी तरह फेल हो गया। वहीं यूपीएस की बैटरी डिस्चार्ज होने से न सिर्फ बैंकिंग सेवाएं करीब दो घंटे तक ठप रहीं बल्कि बैंक परिसर का एटीएम भी बंद हो गया। इससे किसानों और खाताधारकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Join WhatsApp Group Click Here

कामकाज ठप, किसान मायूस लौटे
बता दे कि, बिजली गुल होते ही बैंक का सर्वर और कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। पासबुक प्रिंटिंग, नकदी निकासी, जमा सहित सभी सेवाएं ठप हो गईं। परिसर का एटीएम भी पावर सपोर्ट न होने के कारण काम नहीं कर रहा था। घंटों इंतजार के बाद कुछ किसान मायूस होकर लौट गए। वहीं जन बिजली आई बैंक का समय समाप्त हो जाने का हवाला देते कर्मचारियों ने बचे हुए किसानों को अगले दिन आने को कहा। इससे नाराज किसानों ने बैंक के बाहर ही अपनी नाराजगी जाहिर की।

बैंक प्रबंधक का बयान
इस संबंध में अपेक्स बैंक के प्रबंधक जे.पी. सिंह से हमने संपर्क किया तो उन्होंने बताया, “बैंक में पावर बैकअप के लिए यूपीएस लगाया गया है, लेकिन बैटरी डिस्चार्ज होने से कंप्यूटर और सर्वर बंद हो गए है। जैसे ही बिजली बहाल हुई, सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।”

विद्युत विभाग से नहीं हो सका संपर्क
इस बीच जब बिजली कटौती के संबंध में हमने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल जायसवाल से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका फोन लगातार व्यस्त आता रहा। कई बार कॉल करने के बावजूद उनसे बातचीत नहीं हो पाई।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के इस समय में उन्हें खेती के कार्यों के लिए तुरंत नकदी की आवश्यकता है। इसके अलावा वे अपने खेती के जरूरी कार्य छोड़कर बैंक पहुंचे हैं ऐसे में बैंक और एटीएम दोनों का बंद होना उनकी समस्याओं को और बढ़ा देता है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से उच्च क्षमता वाले पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी न हो।

Scroll to Top