शेयर करें...
रायपुर/ छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर दक्षिण से विधायक बृजमोहन अग्रवाल के ऊपर गुरुवार देर शाम हमला कर दिया गया। इस दौरान उनका कॉलर पकड़कर घसीटा और मारपीट की। बृजमोहन अग्रवाल प्रचार के लिए बैजनाथ पारा पहुंचे थे। अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि एजाज ढेबर और अनवर ढेबर के लोग उनकी हत्या करवाना चाहते थे। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने इसे प्रायोजित बताया है।
इसकी जानकारी मिलने पर हजारों की संख्या में उनके समर्थक कोतवाली थाने में पहुंच गए। करीब चार घंटे तक नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा। मौके पर पहुंचे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं से धरना-प्रदर्शन खत्म करने का आग्रह किया, इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और समर्थक वहां से निकले।
रमन सिंह ने कहा- तुष्टिकरण का इससे बड़ा नमूना नहीं
रमन सिंह ने कहा कि, प्रजातंत्र के इस महान पर्व पर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत सरकार और प्रशासन के संरक्षण के बाद तुष्टिकरण का इससे बड़ा नमूना छत्तीसगढ़ में और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने भूपेश बघेल को चैलेंज करते हुए कहा कि अगर आपने रायपुर की जनता को चुनौती दी है तो इसका नतीजा आपको वोटों में दिख जाएगा।
उन्होंने कहा कि, चुनाव के इस दौर में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए थी, मगर इसके बाद भी भूपेश बघेल राजनीति कर रहे हैं। उनके बयान आ रहे हैं, जो शर्मनाक हैं। हम सरकार को चेतावनी दे रहे हैं कि सरकार में परिवर्तन नहीं आया, अब जनता परिवर्तन करने की ताकत रखती है। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत भी वहां मौजूद थे।
3 दिसंबर के बाद गुंडों पर चलाएंगे बुलडोजर
बृजमोहन ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि, 3 दिसंबर के बाद हम ऐसे गुंडों को बुलडोजर चलाकर हटाएंगे। इसलिए तब तक हमको शांति रखनी है। चुनाव की तैयारी करनी है। इसके बाद सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि, हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। हम शहर की, छत्तीसगढ़ की फिजा बिगाड़ना नहीं चाहते हैं। अगर इसका बदला लेना है, तो हमारे पास इसका बहुत बड़ा हथियार है कि भाजपा को वोट दें।
समर्थक बोले- कुछ लोग आए, कहा- वार्ड में घुसने की हिम्मत कैसे हुई
समर्थकों आरोप है कि बृजमोहन अग्रवाल प्रचार के लिए बैजनाथ पारा पहुंचे थे। यहां के मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड में प्रचार के दौरान मदरसे के पास कुछ लोग बृजमोहन के पास आए। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में घुसने की हिम्मत कैसे हुई और उन्हें धक्का दे दिया। इस बीच जब तक उनके समर्थक आते, तब तक वे बृजमोहन अग्रवाल से मारपीट कर भाग चुके थे। इसी वार्ड से एजाज ढेबर पार्षद हैं।
कॉलर पकड़कर घसीटा- बृजमोहन अग्रवाल
बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि, जनसंपर्क अभियान के लिए स्वामी विवेकानंद वार्ड और बैजनाथ पारा वार्ड में निकले थे। जैसे ही ब्रिस्टल चौक पर पहुंचे, कुछ सफेद कपड़े पहने लोगों ने हमला करने की कोशिश की। पीएसओ तुरंत मुझे पकड़ कर ले गए। इस दौरान मेरे कार्यकर्ताओं के साथ झूमा-झटकी हुई। ये लोग कांग्रेस सरकार और पुलिस के संरक्षण में गुंडागर्दी कर रहे हैं। इन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तब तक यहीं बैठेंगे।
उन्होंने बताया कि मेरी कॉलर पकड़ी और मुझे पकड़ कर घसीटा। मेरे पीएसओ ने बचाया और मदरसे में ले गए। वहां पहुंचा तो बच गया। उन्होंने कहा कि, वे अक्सर मौलवी साहब से मिलने के लिए मदरसे में जाते रहते हैं। वहां भी कुछ लोग घुसे हुए थे। अग्रवाल कहा कि, इनका हमला मेरी हत्या करने का था।
आम आदमी होता तो हत्या कर देते
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि ये लोग एजाज ढेबर और अनवर ढेबर के लोग थे। जिनको महंत जी को जिताने की जिम्मेदारी दी गई है। ये लोग संरक्षण में गुंडागर्दी करने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग हमारे कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहे हैं। सरकारी बंगले में बैठकर राजनीति कर रहे हैं। ये साजिश का परिणाम है। मैं इतने लोगों के साथ था तो बच गया, कोई आम आदमी होता तो उसकी हत्या कर देते।
भूपेश बोले- बृजमोहन से सब डरते हैं
वहीं भूपेश बघेल ने हमले को लेकर कहा है कि, बृजमोहन अग्रवाल पर कोई हमला कर सकता है क्या। याद करो 2000 में नरेंद्र मोदी जी पर्यवेक्षक के रूप में आए थे। बृजमोहन अग्रवाल एकात्म परिसर में जो गुंडागर्दी किए थे, नरेंद्र मोदी जी को टेबल के नीचे छिपना पड़ा था। बृजमोहन अग्रवाल से कौन गुंडागर्दी करेगा। बृजमोहन अग्रवान से सब डरते हैं। ये सब प्रायोजित है।
साव बोले- अपराधियों पर चलेगा बुलडोजर
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चौपट है। अपराधी बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं। इतने वरिष्ठ नेता, विधायक पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला होता है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने वाली है। इसके बाद अपराधियों पर चलेगा बुलडोजर चलेगा। उन्होंने कहा कि, इस घटना की निंदा करता हूं। अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

