7 सूत्रीय मांगों को लेकर 15 जुलाई को रायपुर में धरना देंगे सहायक शिक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हुई ऑनलाइन रणनीति बैठक..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा 15 जुलाई को राजधानी रायपुर में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला अध्यक्ष संकीर्तन नंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राठौर, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बसंत कौशिक, प्रदेश महामंत्री मनीष डडसेना, प्रदेश संयुक्त सचिव बुधनी अजय तथा जिला प्रभारी दिलीप लहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सहायक शिक्षकों की लंबित समस्याओं एवं 7 सूत्रीय मांगों को लेकर 15 जुलाई को रायपुर में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की रणनीति तैयार करना था। बैठक में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित अन्य लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि फेडरेशन अपनी मांगों को लेकर कई बार सरकार के समक्ष धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन के माध्यम से आवाज उठा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में इन मांगों को प्रमुखता से शामिल करते हुए इन्हें “मोदी की गारंटी” का हिस्सा बताया था, लेकिन अब तक इन पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के मद्देनजर मानसून सत्र के दौरान सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए 15 जुलाई को राजधानी रायपुर में सांकेतिक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो फेडरेशन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

बैठक में जिले के सभी ब्लॉकों से अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान जिला सचिव सूरज कुमार सारथी, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भारद्वाज, लुकेश्वर प्रसाद साहू, ब्लॉक अध्यक्ष सतीश चौहान, पवन पटेल, सरयूकांत बंजारे सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top