शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// तहसील सरिया के कटंगपाली (अ) स्थित आशीष गोयल माइंस में राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद जब्त किए गए चार ट्रेलर मौके से गायब मिलने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह जांच के दौरान जब्त पांच ट्रेलरों में से चार मौके पर नहीं मिले। इसकी जानकारी मिलते ही पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीण माइंस गेट के बाहर पहुंच गए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
एक दिन पहले कलेक्टर के निर्देश पर सरिया तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह राज और पटवारियों की टीम माइंस पहुंची थी। पंचायत सरपंच पुष्पा मिरी सहित पंचायत पदाधिकारियों ने शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत की एनओसी के बिना माइंस के गड्ढों में फ्लाईऐश डालकर उन्हें पाटा जा रहा है। शिकायत के बाद पहुंची राजस्व टीम ने माइंस के बड़े भू-भाग पर समतलीकरण के लिए फ्लाईऐश डाले जाने की स्थिति देखी। इसके बाद प्रशासन ने फ्लाईऐश पाटने पर तत्काल रोक लगा दी।
पांच ट्रेलर और एक लोडर किए गए थे जब्त
कार्रवाई के दौरान राजस्व टीम ने पांच ट्रेलर और एक लोडर जब्त किया था। जब्त वाहनों को माइंस के सुपरवाइजर बाबूलाल नागर, पिता मदनलाल, के सुपुर्द किया गया था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे राजस्व टीम की जांच के दौरान चार ट्रेलर मौके पर नहीं मिले।
वाहनों के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीण माइंस गेट पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पटवारी उपेंद्र मेहर और गुरुचरण साव भी मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके की स्थिति का पंचनामा तैयार किया। पंचनामा के अनुसार उस समय मौके पर ट्रेलर क्रमांक CG 13 BB 3012 और लोडर क्रमांक CG 13 AG 4995 मौजूद थे।
दो ट्रेलर बाद में लौटाकर खड़े किए गए
मामला बढ़ने के बाद माइंस कर्मचारियों ने गायब बताए जा रहे वाहनों को वापस लाने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान ट्रेलर क्रमांक CG 13 AZ 8461 और CG 13 AY 6766 को वापस लाकर माइंस के बाहर खड़ा किया गया। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पंचनामा तैयार किए जाने के समय जो वाहन मौके पर मौजूद नहीं थे, उनके बाद में वापस लाए जाने की स्थिति भी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से दर्ज की जानी चाहिए। इसे लेकर मौके पर काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही।
एसडीएम को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट
मामले को लेकर तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह राज ने कहा कि जब्त वाहनों के मौके से गायब रहने की स्थिति को लेकर पंचनामा तैयार किया गया है। इसकी जांच रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर नियमानुसार जो भी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
फ्लाईऐश भराव पर फिलहाल रोक
माइंस में फ्लाईऐश भराव को लेकर भी प्रशासन की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में माइंस के भू-भाग को समतल करने के लिए फ्लाईऐश डाले जाने की स्थिति सामने आई थी। पंचायत पदाधिकारियों ने आरोप लगाया था कि यह काम ग्राम पंचायत की एनओसी के बिना किया जा रहा था। फिलहाल प्रशासन ने फ्लाईऐश पाटने पर रोक लगा दी है। वहीं जब्त वाहनों के मौके से गायब मिलने का मामला भी जांच के लिए एसडीएम के पास भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


