शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला विकासखंड के ग्राम कटंगपाली (अ) में विजयादशमी और नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर कला, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका आरू साहू और उनके म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी मधुर आवाज से पूरे गांव को लोकसंगीत की रंग में रंग दिया।
खराब मौसम और बारिश के कारण कार्यक्रम की शुरुआत में काफी देरी हुई, लेकिन दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। देर रात तक मैदान पर भारी संख्या में लोग डटे रहे। करीब रात 12 बजे जब बारिश थमी और आरू साहू मंच पर पहुंचीं, तो माहौल में उत्साह की लहर दौड़ गई।
जैसे ही उन्होंने करमा, सुवा, ददरिया और पंडवानी जैसे पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी, दर्शक झूम उठे। उनके कंठ से निकले सुरों ने पूरे वातावरण को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की सुगंध से भर दिया। देर रात तक चली इस प्रस्तुति ने गांववासियों को भक्ति और लोकभावना से जोड़ दिया।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय सरपंच पुष्पा दाता मिरी और उप सरपंच विद्याधर रात्रे की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान ताराचंद पटेल, चूड़ामणि पटेल, ईश्वर प्रसाद साहू, उग्रसेन साहू, हीरालाल पटेल, अग्नूराम पटेल, हेतराम मिरी, हीरा मिरी और सचिव ज्योत्स्ना पटेल सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों और लोकगायिका आरू साहू व उनकी टीम का स्वागत गुलदस्ता और अंगवस्त्र देकर किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में बेटियों ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम से पहले पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। मंच पर अव्वल आने वाली प्रतिभावान बेटियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गणेश डनसेना, राधे मिरी, बासु डनसेना, बजरंग रात्रे, राजेश निराला, अजय पटेल, भागीरथी चौहान, धनसिंह मिरी, भारत मिरी, रायपुर विस्तार न्यूज से रवि मिरी और IAN24 से योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।