सरिया में खुलेआम फल फूल रहा सट्टा का कारोबार, कार्रवाई की मांग को लेकर थाना प्रभारी को सौंपा आवेदन..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र में कथित रूप से खुलेआम चल रही सट्टा गतिविधियों को लेकर अब पुलिस से कार्रवाई की मांग उठी है। लोकतंत्र प्रहरी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष मनोज मेहर ने सरिया थाना प्रभारी को आवेदन देकर क्षेत्र में सट्टा गतिविधियों की जांच कराने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ को भी भेजी गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

आवेदन में कहा गया है कि सरिया क्षेत्र में लंबे समय से सट्टा गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और मोबाइल फोन के माध्यम से भी सट्टे का संचालन किया जा रहा है। आवेदनकर्ता ने इस मामले में पुलिस से गोपनीय तरीके से जांच कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

युवाओं और परिवारों पर असर की जताई चिंता

मनोज मेहर ने आवेदन में कहा है कि सट्टे जैसी गतिविधियों का युवाओं के साथ-साथ आम परिवारों पर भी सामाजिक और आर्थिक असर पड़ सकता है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और यदि जांच में कोई व्यक्ति सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने का आग्रह किया गया है।

नए थाना प्रभारी के सामने पहली चुनौती

गौरतलब है कि वर्तमान में सत्यवादी साहू ने सरिया थाना प्रभारी का प्रभार संभाला है। ऐसे में क्षेत्र में सट्टा गतिविधियों को लेकर सामने आई यह शिकायत नए थाना प्रभारी के लिए भी एक महत्वपूर्ण मामला है।

अब देखना होगा कि आवेदन पर पुलिस किस तरह जांच आगे बढ़ाती है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल आवेदन के जरिए पुलिस से मामले में जल्द संज्ञान लेने की मांग की गई है।

Scroll to Top