नौघटा शासकीय स्कूल में मनाया गया वार्षिक उत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता सबका दिल..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत नौघटा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक उत्सव बड़े उत्साह और रंगारंग माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में गांव के लोगों की भारी मौजूदगी रही और बच्चों की प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजीं।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम का आयोजन सरपंच संगीता विरेन्द्र पटेल के प्रतिनिधित्व में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता अजय जवाहर नायक जिला पंचायत उपाध्यक्ष शामिल हुए। उनके साथ भाजपा मंडल महामंत्री महेश बारीक, बसंत चौहान और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

मंच पर पंचगण पुनिदास मानिकपुरी, हेमचरण सारथी, आनंद राणा, गणेश पटेल, फालू पटेल, सामका सिदार, गौतम निषाद, केशव पटेल, दिलीप सिदार, उपसरपंच अनिल सिदार, सचिव श्याम लाल, बीडीसी पूजा संतोष चौहान, जितेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नौघटा के आश्रित गांव छैलफोरा से भी लोग कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। नृत्य, गीत और छोटे-छोटे नाटकों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए तालियों से उनका स्वागत किया।

मुख्य अतिथि अजय जवाहर नायक ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के अंदर से डर निकालकर उन्हें मंच तक लाना बड़ी मेहनत का काम है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्कूल में किसी भी तरह की समस्या होगी तो उसे प्राथमिकता से हल कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को प्रोत्साहन दिया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि गांव के स्कूल भी प्रतिभा और उत्साह में किसी से कम नहीं हैं।

Scroll to Top