सरिया और बरमकेला के छात्रों का कमाल: शिवम और हेमंत ने 10वीं-12वीं बोर्ड में बनाई टॉप 10 में जगह..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में सरिया और बरमकेला के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

Join WhatsApp Group Click Here

12वीं में शिवम दुबे ने मारी बाजी

सरिया नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 15 के रहने वाले शिवम दुबे ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.60% अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 9वां स्थान प्राप्त किया है। शिवम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया का छात्र है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले शिवम के पिताजी अब इस दुनिया में नहीं हैं, इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करता रहा। वह शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है और विद्यालय की लगभग सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा। विज्ञान विषय में राज्य स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में भाग ले चुका है। राष्ट्रीय सेवा योजना का स्वयंसेवक रहते हुए स्काउट में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुका है। इसके अलावा खेल और एनसीसी की गतिविधियों में भी सक्रिय रहकर उसने पढ़ाई को भी पूरी गंभीरता से जारी रखा।
शिवम ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी मां, भाई और विद्यालय के गुरुजनों को दिया है।

10वीं में हेमंत पटेल ने किया कमाल

वहीं बरमकेला क्षेत्र के आमापाली गांव के निवासी हेमंत पटेल ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 97.5% अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया और प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 10वां स्थान हासिल किया। किसान परिवार से आने वाले हेमंत ने अपनी मेहनत और दृढ़ निश्चय से यह मुकाम हासिल किया है।

शिक्षकों और प्रशासन ने दी बधाई

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया के प्राचार्य तिर्की सर और मोना मॉडर्न स्कूल बरमकेला के डायरेक्टर अमितेश केशरवानी ने दोनों छात्रों की सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
साथ ही कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग का परिणाम है।

जिले के लिए प्रेरणा बने छात्र

शिवम दुबे और हेमंत पटेल की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इनकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है कि परिस्थितियां कैसी भी हों, अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता जरूर मिलती है।

Scroll to Top