शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर में सूदखोरी के काले कारोबार से चर्चित तोमर ब्रदर्स की शानो-शौकत पर कानून ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को प्रशासन ने भाठागांव स्थित उनके आलीशान बंगले को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई CJM कोर्ट के आदेश के बाद की गई। कुर्क किए गए बंगले में दोनों भाइयों का करीब 1500-1500 स्क्वायर फीट हिस्सा है। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अब इस संपत्ति को न तो बेचा जा सकता है और न ही इसमें किसी तरह का परिवर्तन किया जा सकता है।
SDM की मौजूदगी में कुर्की
कुर्की की यह कार्रवाई SDM एन. के. चौबे की मौजूदगी में की गई। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला भारी संख्या में मौजूद रहा। बंगले के बाहर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। इससे पहले रायपुर नगर निगम ने भी रोहित तोमर के अवैध ऑफिस पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया था।
कोर्ट की अंतिम चेतावनी के बाद कार्रवाई
पुलिस ने कोर्ट से संपत्ति कुर्की के लिए याचिका लगाई थी। इसके बाद अदालत ने तोमर ब्रदर्स को 18 अगस्त तक पेश होने की अंतिम चेतावनी दी थी। लेकिन दोनों भाई अदालत नहीं पहुंचे और तब से फरार हैं। इसी वजह से कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की।
प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट के बाद हुए फरार
करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस रोहित की तलाश कर रही थी। रोहित के फरार होने के बाद उसका भाई वीरेंद्र तोमर भी गायब हो गया।पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक दोनों हाथ नहीं आए हैं।
पीड़ित सामने आने लगे
तोमर ब्रदर्स के खिलाफ कार्रवाई देखकर अब पीड़ित लोग आगे आने लगे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों भाइयों के खिलाफ अब तक 6 से ज्यादा FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें अवैध वसूली, धमकी और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर मामले शामिल हैं। पहले इन दोनों भाइयों और उनके गुर्गों के खौफ से लोग शिकायत दर्ज कराने से कतराते थे। लेकिन जैसे ही प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, पीड़ितों का हौसला बढ़ा और वे थानों में अपनी शिकायतें दर्ज कराने लगे।