शेयर करें...
रायपुर// मानसून की सक्रियता ने एक बार फिर प्रदेश में बारिश का जोर बढ़ा दिया है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
अगले 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। सोमवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। शाम तक 12.2 मिमी बारिश दर्ज हुई।
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव क्षेत्र में बदल गया है और अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होकर अवदाब में बदलने की संभावना है। इसका असर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक दिखाई देगा।
कई इलाकों में झमाझम बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 90-90 मिमी बारिश भैसमा और लवन में दर्ज की गई। ओडगी में 80, कोटाडोल में 70, बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 60-60 मिमी बारिश हुई। छाल और मनेंद्रगढ़ में 50-50 मिमी पानी गिरा। पामगढ़, पिपरिया, कुनकुरी, शंकरगढ़, सक्ती, बलौदाबाजार और साल्हेवारा में 40-40 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा तिल्दा, दर्री, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रारोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा सहित अनेक स्थानों पर भी बारिश हुई।
रायपुर में पारा सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे
बारिश और बादलों के कारण रायपुर में तापमान में गिरावट रही। शहर का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 3.6 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम 24.4 डिग्री रहा। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 92 और शाम को 93 प्रतिशत रही। रायपुर में 8:30 बजे तक 3.2 और शाम 5:30 बजे तक 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को शहर में सामान्यतः बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 9 प्रतिशत कम है।



