शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ// जिले में रासाय।निक खाद की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर किसानों को सही और उचित दाम पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। साथ ही टोल-फ्री नंबर 07768-299015 जारी किया गया है, जहां किसान खाद, बीज और कीटनाशक से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण
उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में उर्वरक निरीक्षक दल ने जिले के कई खाद दुकानों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान भटगांव के विश्वनाथ साहू कृषि केन्द्र, पुष्पराज केशरवानी, राहुल हार्डवेयर, प्रमोद हार्डवेयर कोदवा और तेजस्वनी ट्रेडर्स सरसीवां की जांच की गई।
बड़े पैमाने पर यूरिया में गड़बड़ी उजागर
निरीक्षण के दौरान विश्वनाथ साहू कृषि केन्द्र में भौतिक सत्यापन के समय 190.845 टन यूरिया का अंतर पाया गया, जिसे गंभीर अनियमितता मानते हुए उसका उर्वरक लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिया गया। वहीं प्रमोद हार्डवेयर कोदवा में भी 55.800 टन यूरिया का अंतर मिला, जिसके चलते संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
किसानों से शिकायत दर्ज कराने की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी और अधिक दाम पर बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी गड़बड़ी दिखे तो वे तुरंत टोल-फ्री नंबर पर शिकायत करें। इस कार्रवाई में उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू और बीटीएम मयाशंकर जोल्हे की प्रमुख भूमिका रही।


