गोमर्डा अभ्यारण्य में अवैध पत्थर परिवहन पर कार्रवाई, जिला पंचायत सदस्य का ट्रैक्टर जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// गोमर्डा अभ्यारण्य के जंगल क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गुरुवार तड़के छापामार कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल का है।

Join WhatsApp Group Click Here

मुखबिर की सूचना पर तड़के कार्रवाई

वन मंडलाधिकारी को सूचना मिली थी कि चांटीपाली बीट के पीएफ कक्ष क्रमांक 943 में जंगली पत्थर निकालकर ट्रैक्टर से बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर सुबह करीब 5 बजे एसडीओ अंकित पाण्डेय के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। वहां ट्रैक्टर क्रमांक CG 13 UH 3414 पत्थर से भरा मिला।

चालक से पूछताछ में पता चला कि ट्रैक्टर ग्राम झिलगीटार निवासी हरिहर जायसवाल का है। हरिहर जायसवाल जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 8 से निर्वाचित सदस्य हैं और जिला पंचायत में सहकारिता एवं उद्योग विभाग के सभापति भी बताए जा रहे हैं।

कार्रवाई में एसडीओ अंकित पाण्डेय के साथ रेंजर हीरालाल सरजाल, डिप्टी रेंजर मिलन राम भगत, टेकराम सिदार, राजेश मरकाम, वन रक्षक हीरालाल चौधरी, प्रफुल्ल हरवंश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

संरक्षित क्षेत्र में खनन पूरी तरह प्रतिबंधित

गोमर्डा अभ्यारण्य संरक्षित वन क्षेत्र है, जहां किसी भी प्रकार का उत्खनन और पत्थर परिवहन प्रतिबंधित है। ऐसे में जनप्रतिनिधि से जुड़े वाहन की जब्ती के बाद क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

डिप्टी रेंजर मिलन राम भगत ने बताया कि संबंधित ट्रैक्टर को झिलगीटार क्षेत्र के अंदर अवैध पत्थर परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विधिवत कार्रवाई कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है।

लकड़ी तस्करी के भी आरोप

इसी बीच जंगल क्षेत्र में लकड़ी की अवैध तस्करी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। हाल ही में ग्राम गिरहुलपाली में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी जब्त की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम होते ही साल्हेओना बस्ती से होकर मुख्य सड़क तक लकड़ी का अवैध परिवहन किया जाता है और इसे चंद्रपुर, सपोस व बड़े भंडार क्षेत्र के आरा मिलों में खपाया जाता है।

फिलहाल वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब आगे की जांच और संभावित कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Scroll to Top