कांग्रेस जिला अध्यक्ष के भाई की शादी मे दुर्घटना, बाराती के बीच घुसा कैप्सूल वाहन, 4 महिलाओं की हालत गंभीर..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के भाई अनिल देवांगन के विवाह समारोह के दौरान एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जांजगीर जिले के बिर्रा क्षेत्र में बारात के दौरान हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में दर्जनों बाराती घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 महिलाओं की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

Join WhatsApp Group Click Here

​अचानक काल बनकर दौड़ा कैप्सूल वाहन

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क किनारे एक कैप्सूल वाहन सी.जी. 22 ए.जी. 8590 खड़ा था और बाराती पास में ही नाच-गाना कर जश्न मना रहे थे। इसी बीच चालक ने अचानक वाहन स्टार्ट किया और सीधे भीड़ की ओर मोड़ दिया। बेकाबू वाहन बारातियों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना का डरावना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लापरवाही का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है।

नशे में धुत था चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

​हादसे की सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने कैप्सूल वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

​हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। गंभीर रूप से घायल 4 महिलाओं का विशेष डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

खुशियां गम में तब्दील

​एक तरफ जहाँ घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं इस हादसे के बाद अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Scroll to Top