शेयर करें...
जांजगीर-चांपा// जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया है। पहली कार्रवाई में सीएसईबी (बिजली विभाग) के तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, वहीं दूसरी कार्रवाई में नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल को भी घूस लेते गिरफ्तार किया गया।
बिजली विभाग में 35 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए 3 कर्मचारी
जानकारी के अनुसार जेई राजेंद्र शुक्ला, एई विजय नोरगे और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि एचटी लाइन विस्तार के लिए एक उपभोक्ता से रकम की मांग की गई थी। परेशान उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एसीबी बिलासपुर में की। सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप प्लान किया और केमिकल लगे नोटों के साथ प्रार्थी को भेजा। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत ली, टीम ने दबिश देकर तीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
नवागढ़ में लेखापाल 8 हजार लेते गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई नवागढ़ नगर पंचायत में हुई, जहां लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। शिकायतकर्ता अब्दुल वहाब ने बताया कि उसके फर्म का करीब 2.03 लाख रुपये का भुगतान लंबित था और चेक जारी करने के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी। आरोपी पहले 6 हजार रुपये ले चुका था और बाद में 10 हजार की मांग की, जो बाद में 8 हजार पर तय हुई।
ट्रैप कर ऐसे पकड़ा गया आरोपी
एसीबी ने शिकायत की पुष्टि के बाद 20 मार्च 2026 को ट्रैप बिछाया। प्रार्थी को रकम देकर भेजा गया। आरोपी ने पैसे लेकर अपनी कार में रखे ही थे कि पहले से घात लगाए एसीबी टीम ने उसे ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के पास पकड़ लिया और रकम बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख, आगे जांच जारी
दोनों मामलों में एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी अजितेश सिंह ने किया। एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी रिश्वत मांगी जाए तो तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


