ACB का डबल एक्शन: कोरबा में शिक्षक और जांजगीर में पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार..

शेयर करें...

बिलासपुर// एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक ही दिन दो अलग-अलग कार्रवाइयों में सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। पहली कार्रवाई कोरबा में शिक्षक के खिलाफ और दूसरी कार्रवाई जांजगीर में पटवारी के खिलाफ हुई। दोनों मामलों में आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की सख्ती एक बार फिर चर्चा में है।

Join WhatsApp Group Click Here

कोरबा: ट्रांसफर के नाम पर शिक्षक ने मांगी 2 लाख की रिश्वत
कोरबा जिले के प्राथमिक शाला केसला में पदस्थ प्रधान पाठक रामायण पटेल और उनकी पत्नी गरिमा चौहान, जो प्राथमिक शाला में शिक्षक हैं, का मामला सामने आया। रामायण पटेल ने ACB को शिकायत दी थी कि माध्यमिक शाला बेला में शिक्षक विनोद कुमार सांडे, जो समग्र शिक्षक फेडरेशन कोरबा का जिला अध्यक्ष भी है, ने उनकी पत्नी का ट्रांसफर नजदीक के स्कूल प्राथमिक शाला ओमपुर में कराने के बदले 2 लाख रुपये रिश्वत मांगी। सांडे ने डीईओ और बीईओ से अपने अच्छे संबंधों का हवाला देते हुए रकम की मांग की थी।

ACB ने शिकायत का सत्यापन कर आज 17 जुलाई को ट्रेप बिछाया और आरोपी शिक्षक को 2 लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जांजगीर: ऋण पुस्तिका में नाम हटाने के एवज में 20 हजार की डिमांड
दूसरी कार्रवाई जांजगीर जिले में हुई। प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार राठौर ने ACB को बताया कि ग्राम पुटपुरा में उनकी जमीन पर उनकी दो बुआ ने हकछोड़ रजिस्ट्री कर दी थी। इस कारण ऋण पुस्तिका और अन्य रिकॉर्ड से उनका नाम हटाने के लिए आवेदन दिया गया था। एक महीने बाद भी पटवारी बालमुकुंद राठौर ने नाम नहीं हटाया और इसके बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी।

ACB ने सत्यापन के बाद ट्रेप लगाया और आरोपी पटवारी को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई जारी है।

ACB की सख्ती से मचा हड़कंप
एक ही दिन में दो लोकसेवकों की गिरफ्तारी से दोनों जिलों के सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है। ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


टैग्स: #ACB #Corruption #BribeTrap #Korba #Janjgir #TeacherArrested #PatwariArrested #BreakingNews

Scroll to Top