शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। सरिया पुलिस ने करीब ढाई महीने से फरार आरोपी दिव्यांशु सिंह उर्फ बबलू को फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) से पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिव्यांशु सिंह उर्फ बबलू पिता रामबाबू (24 वर्ष) निवासी हसनपुर थाना हुसैनगंज जिला फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
300 किलो से ज्यादा गांजा हुआ था बरामद
मामले की शुरुआत 26 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब सरिया पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा से महेंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (UP 64 CT 6904) में बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर चंद्रपुर रोड सरिया में पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 300 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके पर वाहन चालक राहुल कुमार निवासी हुसैनगंज (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20B के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
घेराबंदी के दौरान भाग निकला था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि इस तस्करी में दिव्यांशु सिंह उर्फ बबलू भी शामिल था। घेराबंदी के दौरान वह मौके से फरार हो गया था और तभी से उसकी तलाश जारी थी। पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और आखिरकार फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में सुमन चौहान, मोतीलाल डनसेना, सुरेंद्र सिदार, नरेंद्र चंद्रा, लक्ष्मी पटेल, साइबर सेल प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी, कृष्णा डनसेना, दीपक मैत्री सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


