शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// विकासखंड बरमकेला के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास परियोजना लेंधरा द्वारा राधा माधव मंदिर परिसर में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए।
योजनाओं और आंगन मिलन के उद्देश्य की दी जानकारी
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक और जिला पंचायत सदस्य सहोदरा सिदार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सहोदरा सिदार ने आंगन मिलन कार्यक्रम के उद्देश्य और इसके महत्व की जानकारी दी। वहीं जिला भाजपा मंत्री विलास सारथी ने ग्रामीणों को शौच मुक्त ग्राम, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि और तेंदूपत्ता संग्रहण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
आंगनबाड़ी और आशा दीदियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अभिलाषा नायक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांवों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल से जुड़े कार्यों में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य धनेश्वरी सारथी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ललिता पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूतनाथ पटेल, मीरा साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सुभाषिनी पांडा, दुर्गा दिनकर, यज्ञसेनी साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा दीदियां, शिशुवती और गर्भवती महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने के साथ महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


