शेयर करें...
रायगढ़// बच्चों के मन से गणित का डर दूर करने और उन्हें सरल तरीके से गणितीय संक्रियाएं समझाने के उद्देश्य से संकुल केंद्र छपोरा के सभी पांच प्राथमिक शालाओं में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इबारती सवाल मेले का आयोजन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी पुसौर भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पालकों, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मेले में बच्चों ने इबारती सवालों के माध्यम से गणितीय कौशल का अभ्यास किया।
सरल सवालों से गणित सीखने का प्रयास
राज्य शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित इस मेले का उद्देश्य बच्चों को सरल वाक्यों के माध्यम से गणितीय संक्रियाएं समझाना और उनकी समझ को मजबूत करना था। कार्यक्रम में उपस्थित पालकों और अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों के मन में गणित के प्रति डर कम होगा और उनकी तार्किक सोच व कौशल में वृद्धि होगी।
संकुल स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण
मेले का जायजा लेने संकुल शैक्षिक समन्वयक विनय कुमार शर्मा, संकुल प्राचार्य खेमानिधि गुप्ता, वरिष्ठ प्रधान पाठक गंगाराम प्रधान और संकुल नोडल शिक्षक लोकेश कुमार साव सहित संकुल स्तरीय टीम ने सभी स्कूलों का दौरा किया। टीम ने बच्चों की गतिविधियों और आयोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा शिक्षण प्रक्रिया में ऐसे प्रयोगों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया।
माध्यमिक शाला कान्दागढ़ में विज्ञान मेले का भी आयोजन
संकुल प्राचार्य खेमानिधि गुप्ता ने माध्यमिक शाला कान्दागढ़ में आयोजित विज्ञान मेले में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने सभी स्कूलों में इबारती सवालों के माध्यम से गणित पढ़ाने के प्रयोग निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। शिक्षकों और अतिथियों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के लिए पढ़ाई को रोचक और आसान बनाने के साथ गणित जैसे विषय के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।


