छातामुड़ा बाईपास स्थित कबाड़ गोदाम में भीषण आग, हीरो शोरूम के पास मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं..

शेयर करें...

रायगढ़// नेशनल हाईवे स्थित छातामुड़ा बाईपास में शनिवार को दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हीरो शोरूम के बगल में स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसका धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

Join WhatsApp Group Click Here

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर नेशनल हाईवे के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के अलावा सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले से भी दमकल की गाड़ियां मंगाकर आग बुझाने की कोशिश की गई।

स्थानीय नागरिक चंद्रशेखर पटेल ने बताया कि आग की लपटें पास स्थित हीरो शोरूम तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए शोरूम को खाली कर सैकड़ों बाइकों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। समय रहते बाइकों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। वहीं जानकारी यह भी सामान आई है कि घटना स्थल में बड़ी संख्या में मजदूर फंसे हुए थे जिनको सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं कबाड़ गोदाम में हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं हो सका है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। आग बुझाने का काम अब भी जारी है।

Scroll to Top