पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात: एटीएम तोड़कर चोरी की कोशिश नाकाम, गैस कटर के साथ आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एटीएम चोरी की बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक आरोपी को गैस कटर से एटीएम मशीन तोड़कर चोरी की कोशिश करते रंगे हाथ पकड़ लिया।

Join WhatsApp Group Click Here

रात 3 बजे मिली सूचना, तुरंत पहुंची पुलिस

घटना गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम की है। देर रात करीब 3 बजे संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त कर रहे आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

गैस कटर से मशीन तोड़ने की कोशिश

पुलिस के पहुंचने तक आरोपी एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था। मौके से गैस कटर समेत अन्य सामान बरामद किया गया। त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये की संभावित चोरी टल गई, हालांकि एटीएम मशीन को करीब 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

पूछताछ में आरोपी पंकज कुमार पासवान ने बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता था और आर्थिक नुकसान व कर्ज के चलते उसने एटीएम चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम को मिला सम्मान

इस कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम की प्रशंसा की और उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों आरक्षकों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सतर्क पुलिसिंग के चलते बड़ी वारदात टल गई और जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय मुस्तैद है।

Scroll to Top