शेयर करें...
कवर्धा// छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिला में आज एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां के किशुनगढ़ के पास कोरबा से कवर्धा आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में करीब बस में सवार करीब 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद तत्काल स्थानीय लोगों द्वारा राहत बचाव कार्य करते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक कोरबा से कवर्धा के बीच चलने वाली यात्री बस रोज की तरह आज कोरबा से रवाना हुई थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम किशुनगढ़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान किशुनगढ़ के पास तेज रफ्तार बस एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गयी। इस हादसे के बाद बस के अंदर यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गयी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद 6 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कवर्धा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस दुर्घटना में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया