शेयर करें...
रायगढ़// जिले के सारंगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाला ग्राम पंचायत छोटे खैरा कोरोना का हब बन चुका है। अब तक इस गांव में कोरोना के लगभग 75 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। वहीं एक ही गांव में इतनी बड़ी संख्या में पॉजिटिव केस पाए जाने के बाद पूरे जिले में हड़कम्प मचा हुआ है। मगर इसे ग्रामीणों का डर कहे या नासमझी उन्होंने अपना टेस्ट करवाने से ही मना कर दिया है। ऐसा ही वाकया आज स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्राम छोटे खैरा में देखने को मिली जब जैसे ही ग्रामीणों का टेस्ट करने स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची तो उनके द्वारा टेस्ट करवाने से साफ-साफ मना करते हुए घर के अंदर चले गए और बाहर नहीं निकले। जिसके बाद मजबूरन स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव से वापस लौटना पड़ा।
आपको बता दें कि वर्तमान में रायगढ़ जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने के ग्राफ में काफी इजाफा हुआ है। वहीं एक ही गांव से इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने और ग्रामीणों का टेस्ट करवाने से मना करना कहीं ना कहीं स्वास्थ्य विभाग सहित जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। वही अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन द्वारा इस मामले पर क्या कार्यवाही की जाती है।



