मधुवन सिंचाई जलाशय विवाद में मछुआ सहकारी समिति ने खोला मोर्चा, ग्रामीणों के आरोपों को बताया निराधार, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// मधुवन सिंचाई जलाशय को लेकर विवाद लगातार गहराता नजर आ रहा है। जलाशय से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने, पानी में गोबर डाले जाने और धान की फसल सूखने जैसे आरोपों के बीच अब जय भैरव मछुआ सहकारी समिति ने अपना पक्ष रखते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। समिति ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया है।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, जय भैरव मछुआ सहकारी समिति मर्यादित भंवरादादर की ओर से जिला कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नाम आवेदन दिया गया है। इसमें समिति ने बताया है कि वर्ष 2010 में गठित यह समिति पिछले लगभग 16 वर्षों से मधुवन सिंचाई जलाशय में मछली पालन का कार्य कर रही है। समिति का आरोप है कि मधुवन गांव के कुछ ग्रामीण मनगढ़ंत बातें फैलाकर समिति को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

पानी नहीं देने के आरोप पर समिति की सफाई

समिति ने आवेदन में कहा है कि ग्रामीणों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि मछली पालन करने वाली समिति किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं दे रही है, जबकि समिति के अनुसार आज तक किसी भी किसान को पानी देने से मना नहीं किया गया है। समिति ने दावा किया है कि नहर का गेट खुला हुआ है और उसमें लगातार पानी जा रहा है।

गोबर डालने के आरोप पर पानी की जांच की मांग

जलाशय में गोबर डाले जाने के आरोपों को भी समिति ने गलत बताया है। आवेदन में समिति का कहना है कि आज तक जलाशय में कभी गोबर नहीं डाला गया है और जलाशय का पानी पूरी तरह स्वच्छ एवं साफ है। समिति ने इस दावे की पुष्टि के लिए जलाशय के पानी की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों पर मनमाने तरीके से गेट खोलने का आरोप

समिति ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ ग्रामीण सिंचाई जलाशय के गेट मनमाने तरीके से खोल देते हैं, जबकि इसके लिए सिंचाई विभाग से अनुमति नहीं ली जाती। समिति के मुताबिक गर्मी के दिनों में इस तरह पानी छोड़े जाने से जलाशय का पानी समाप्त हो जाता है, जिससे मछली पालन के कार्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। समिति का कहना है कि ग्रामीणों को मनमाने तरीके से गेट खोलने से रोकने के लिए सिंचाई विभाग को भी आवेदन दिया गया है।

सूखी फसल की पटवारी से जांच कराने की मांग

ग्रामीणों की ओर से पानी के अभाव में धान की फसल सूखने के आरोप पर भी समिति ने सवाल उठाए हैं। समिति ने हल्का पटवारी से जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि खेतों में फसल किस वजह से प्रभावित हुई है।

फिलहाल मधुवन सिंचाई जलाशय को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला सामने आया है। एक ओर ग्रामीणों की तरफ से सिंचाई के पानी और फसल नुकसान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मछुआ सहकारी समिति ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पूरे मामले में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Scroll to Top