धान खरीदी, सड़क मरम्मत और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने, अवैध धान पर सख्त कार्रवाई और सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों, सड़क मरम्मत, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए आम नागरिकों और किसानों से जुड़े मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लेने पर जोर दिया। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने को कहा।

सारंगढ़ से बलौदाबाजार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

आपदा मद आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार सहायता राशि जल्द जारी की जाए। विद्यार्थियों की आवागमन सुविधा पर चर्चा करते हुए उन्होंने सारंगढ़ के गणचौक से बस स्टैंड तक ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम डी.एस. राजपूत, बिलाईगढ़ एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top