जुआ रेड के दौरान पुलिस टीम पर हमला और लूटपाट, 1 नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी..

शेयर करें...

मुंगेली// मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के शुक्लाभाठा गांव में जुआ रेड के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 वयस्क और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। आरोपियों पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, गाली-गलौच करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की है। शुक्लाभाठा गांव में पुलिस की टीम जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान जुआरियों को छुड़ाने के लिए कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौच की। आरोप है कि इस दौरान पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा डालने के साथ जुआ फड़ और पुलिसकर्मियों से रकम भी लूट ली गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद 17 नवंबर को पुलिस ने कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 7 वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की शेष 2,500 रुपये की रकम भी बरामद की है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। हालांकि, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम पर कार्रवाई के दौरान हुए हमले और लूटपाट के इस मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Scroll to Top