12 नवंबर से देशभर में स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन, ड्राइवर महासंघ ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// देश की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को लेकर अब आवाज बुलंद होने लगी है। अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। महासंघ के जिलाध्यक्ष डमरूधर चौहान के नेतृत्व में चालक संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शासन-प्रशासन से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की।

Join WhatsApp Group Click Here

महासंघ की प्रमुख मांगों में ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना, राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन करना तथा छत्तीसगढ़ में ड्राइवर कल्याण बोर्ड स्थापित करना शामिल है। महासंघ का कहना है कि वाहन चालक दिन-रात सड़कों पर रहकर देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन उनके सामने आने वाली सुरक्षा, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए अब तक प्रभावी व्यवस्था नहीं बन पाई है।

इसी को लेकर महासंघ ने चेतावनी दी है कि अखिल भारतीय ड्राइवर संयुक्त कमेटी के आह्वान पर 12 नवंबर से देशभर में अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ शुरू किया जाएगा। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक चालकों की मांगों पर लिखित रूप में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञापन के माध्यम से चालक संघ ने शासन से मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द पहल करने की अपील की है। इस दौरान सूरज कुमार सारथी, लक्ष्मी प्रसाद सिदार, आलेख नायक, विद्याधर चौहान, सरीफ खान सहित दर्जनों चालक उपस्थित रहे।

Scroll to Top