शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 9 नवंबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ द्वारा जिले की जेलों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में जिला जेल रायगढ़, महिला बंदी गृह रायगढ़ और उपजेल सारंगढ़ में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताया
शिविर में बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, अपनी पसंद का अधिवक्ता प्राप्त करने के अधिकार और आर्थिक रूप से कमजोर होने की स्थिति में निःशुल्क कानूनी सहायता पाने की प्रक्रिया के बारे में समझाया गया। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र व्यक्ति कानूनी सहायता से वंचित न रहें, इसके लिए विधिक सेवा संस्थाएं सहायता उपलब्ध कराती हैं।
आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर लोगों तक न्याय पहुंचाना उद्देश्य
आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में बताया गया कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और आर्थिक स्थिति या अन्य किसी मजबूरी के कारण कोई भी व्यक्ति कानूनी सहायता से वंचित नहीं होना चाहिए।
अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने दी जानकारी
इन शिविरों का आयोजन जेल प्रशासन के समन्वय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिधारक अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा किया गया। इस पहल के माध्यम से बंदियों को न्यायिक प्रक्रिया और उपलब्ध कानूनी सहायता के विकल्पों से परिचित कराया गया। विधिक सेवा दिवस का संदेश है कि न्याय केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करना भी है। इसी भावना के साथ “न्याय सबके लिए, समान अवसर सबके लिए” का संकल्प दोहराया गया।


